फिरोजपुर झिरका। नगर पालिका चेयरमैन अशोक गुर्जर और भाजपा सेल मेवात के जिला अध्यक्ष संजय बत्रा ने बताया कि सरकार की छवि खराब करने वाले नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिला आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की मांग की गई है। नगर पालिका में कर्मचारियों के नहीं आने के कारण जनहित और विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। इससे लोगों में नगर पालिका के प्रति रोष है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में तैनात अभियंता काफी दिनों से कार्यालय में नहीं आ रहे हैं। वहीं, कुछ अधिकारी और कर्मचारी कई-कई दिन तक कार्यालय से नदारद रहते हैं। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।