नई दिल्ली। पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय सीनियर बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप के लिए दिल्ली की 12 सदस्यीय टीम शनिवार को आयोजन स्थल पहुंच गई। 30 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के 26 राज्यों और 6 स्पोर्ट्स बोर्ड के करीब 400 खिलाड़ी दम दिखाएंगे।
दिल्ली टीम का नेतृत्व महिला वर्ग में ज्योति पाल कर रही हैं, जबकि पुरुष वर्ग में रितिक, सलमान, अक्षय और योगेंद्र सहित 11 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। टीम के साथ दिल्ली संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार और कोच देवेंद्र कुमार सेन भी मौजूद हैं।
आयोजकों ने इस बार 25 लाख रुपये की कुल पुरस्कार राशि रखी है। खास बात यह है कि इस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन अगस्त में होने वाली एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। दिल्ली के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। संवाद