-रोहित गोदारा-वीरेंद्र चरण गिरोह का है बदमाश,
-पिस्टल, 3 कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आजादपुर मंडी के पास शुक्रवार को हुई मुठभेड़ के बाद रोहित गोदारा-वीरेंद्र चरण गिरोह के एक शार्प शूटर अंकित पुत्र सतबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रोहित गोदारा और वीरेंद्र चरण के कहने पर ही एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर गोलीबारी की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक पिस्टल, तीन कारतूस, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि सेल की टीम को 11 सितंबर को खुफिया जानकारी मिली थी कि गिरोह दिल्ली एनसीआर में अपने कार्यकर्ताओं को धन जुटाने के लिए संगठित कर रहा है और सुरक्षा के नाम पर धन उगाही करने के लिए प्रमुख स्थानों पर गोलीबारी करने के लिए शार्प शूटरों को तैनात करने की साजिश रच रहा है। पुलिस टीम ने आजादपुर सब्जी मंडी के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी को रोका तो उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। एक गोली पुलिस अधिकारी को लगी, लेकिन वह अपनी बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बच गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाईं और उसे तोशाम, भिवानी, हरियाणा निवासी अंकित को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान, आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस उपायुक्त कुमार ने बताया कि आरोपी रोहित गोदारा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके पास से हिंदी में लिखी दो हस्तलिखित पर्चियां भी बरामद की गईं, जिन पर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चरण के नाम थे। उसे योजनाबद्ध गोलीबारी के बाद ये पर्चियां दिल्ली के एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में फेंकने का निर्देश दिया गया था।