- गुजरात के एक व्यवसायी के अपहरण मामले में वांछित था आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बदमाश बीकानेर, राजस्थान निवासी तुशांत वासु उर्फ सूरज उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। वह गांधीधाम, गुजरात के एक व्यवसायी (अंगडिय़ा) के अपहरण के मामले में वांछित था। उसके कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि दो कारों में सवार चार लोगों ने 16 जुलाई, 2025 को गांधी धाम, कच्छ, गुजरात स्थित एक व्यापारी (अंगडिय़ा) का उसके कार्यालय के सामने से अपहरण कर लिया था। इस मामले में तुशांत वासु भी आरोपी था। वह आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, डकैती, सेंधमारी आदि सहित 16 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसे हरियाणा के कलानौर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास और डकैती के एक मामले में 2023 में गिरफ्तार किया गया और सुनारिया जेल में रखा गया।
जमानत पर रिहा होने के बाद वह गुजरात के गांधी धाम में अपनी बहन के घर 2024 में गया। यहां ये गुजरात के मोरबी निवासी हिस्ट्रीशीटर हितेंद्र सिंह झाला के संपर्क में आया। इन दोनों व अन्य ने मिलकर अन्य के साथ मिलकर गांधी धाम से एक आंगडिय़ा के अपहरण की साजिश रची। व्यवसायी का गांधी धाम स्थित उसके कार्यालय के सामने से अपहरण कर लिया, हालांकि उसे बाद में छोड़ दिया गया।