-वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर केजी मार्ग पर आयोजित हुआ भव्य समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विस्तार को मंजूरी दे दी है और जल्द ही राजधानी में एक आधुनिक एनसीसी अकादमी बनाई जाएगी। यह घोषणा शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को एनसीसी निदेशालय दिल्ली द्वारा वॉर मेमोरियल के पास केजी मार्ग पर आयोजित वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में की। समारोह में देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों ने वंदे मातरम् की भावना को सजीव किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई एनसीसी अकादमी अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की प्रयोगशाला होगी। इसके लिए जमीन तलाशने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह सिर्फ एक भवन नहीं होगा, बल्कि युवाओं में जिम्मेदारी, अनुशासन और देशसेवा की भावना को मजबूत करने का केंद्र बनेगा। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे भारत की ताकत, अनुशासन और भविष्य के प्रतीक हैं। वे सिर्फ यूनिफॉर्म नहीं पहनते, बल्कि एकता, सेवा और राष्ट्रभक्ति को जीते हैं। कार्यक्रम में एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद थे।
वंदे मातरम् में अनगिनत भावनाएं
मंत्री ने कहा कि जब बंकिमचंद्र चटर्जी ने वंदे मातरम् लिखा था, तब वह उस भारत को आवाज दे रहे थे जो गुलामी से मुक्ति की तलाश में था। 1905 में जब 40 हजार भारतीयों ने कलकत्ता में वंदे मातरम् गाया था, तब दुनिया ने हमारी एकता और साहस देखा। आज अमृतकाल में यह गीत हमारे भविष्य का मंत्र है।
युवाओं से सुधार में मांगा साथ
दिल्ली देश का दिल है, जहां हर भाषा और संस्कृति साथ रहती है, लेकिन राजधानी आज प्रदूषण, ट्रैफिक, यमुना की सफाई और कचरे जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। अगर दिल्ली के 3 करोड़ नागरिक रोज एक कदम सुधार की दिशा में बढ़ें, तो दिल्ली हर दिन 3 करोड़ कदम आगे बढ़ेगी। इन कदमों का नेतृत्व आप जैसे युवा करेंगे।