-पारस टिएरा सोसाइटी को मिली नई एओए
-वोटिंग के दौरान पर्चियां बांटने पर हुए विवाद से आधे घंटे तक बाधित रहा चुनाव
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर की पारस टिएरा सोसाइटी में हंगामें के बीच नई एओए का गठन हुआ। देर रात तक चली काउंटिंग के बाद नो लोगों की नई कार्यकारिणी चुनी गई।
सेक्टर 137 स्थित पारस टिएरा सोसाइटी में रविवार को नई एओए के लिए चुनाव हुआ। चुनाव अधिकारी विवेका सिंह के नेतृत्व में सुबह 10 बजे वोटिंग शुरू हुई। शुरूआत के कुछ घंटे शांतिपूर्ण वोटिंग हुई। दोपहर होते ही वोटिंग के दौरान किसी बात को लेकर हंगामा मच गया। करीब आधे घंटे चले हंगामे के कारण काफी देर तक वोटिंग बाधित रही। यह हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिसकर्मियों को मोर्चा संभाला पड़ा। कुछ देर बाद लोग शांत हुए। वोटिंग दोबारा शुरू की गई। शाम पांच बजे तक मतपेटियां बंद कर दी गईं। सोसाइटी के निवासी प्रमोद वार्ष्णेय ने बताया कि शाम छह बजे के बाद मतपेटियों से गणना शुरू हुई, जो कि देर रात करीब 1ः30 बजे तक चली। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने सभी नौ निर्वाचित पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की। इनमें सुखपाल सिंह राणा को अध्यक्ष, अनंगपाल चौहान उपाध्यक्ष, विकास सालार सचिव, आदित्य देव कोषाध्यक्ष, संगीता तलूजा संयुक्त सचिव समेत डॉ जोली गुप्ता जैन, आस्था शर्मा, डॉ अमरनाथ और सोमशेखर झा को सदस्य के तौर पर चुना गया। रात करीब 1ःः35 पर चुनाव अधिकारी ने सभी के साथ बैठक कर नई एओए को शुभकामनाएं दी।
मतदाताओं को मतपत्रों की पर्चियां बांटने के लेकर हुआ था विवाद
निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, चुनाव के दौरान मतदाताओं को मतपत्रों की पर्चियां बांटने को लेकर विवाद हुआ था। दरअसल एक पक्ष ने नियमों का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। उनका कहना था कि वोटिंग के दौरान मतदाताओं को मतपत्र नहीं बांटे जा सकते हैं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सभी को शांत कराया, चुनाव अधिकारी ने निर्णय लिया, जिसके बाद वोटिंग फिर शुरू हो सकी।
सोमवार को नई एओए संग निवासियों की हुई बैठक
नवनिर्वाचित एओए अध्यक्ष सुखपाल सिंह राणा ने बताया कि सोमवार को एक बैठक की गई। इस बैठक में नई एओए के निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों की निवासियों संग बैठक हुई। जहां निवासियों ने नई एओए के शुभकामनाएं दी और भविष्य में सोसाइटी से जुड़़े कार्यों को प्रमुखता से समाधान करने और सभी निवासियों के साथ खड़े रहने की बात हुई। नई एओए ने भी सोसाइटी के कई काम को समय पर पूरा कराने की बात कही।
ऋषभ कौशल