ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में विवाहिता दीपिका नागर मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटों का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर पर चोट, सूजन, गहरे घाव और दबाव के निशान मिले हैं, जबकि आंतरिक जांच में मस्तिष्क में रक्त का थक्का और तिल्ली फटी हुई पाई गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृतका के दाहिने चेहरे पर करीब 12 सेंटीमीटर लंबा और 9 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा कंट्यूजन मिला है। बाएं हाथ की कोहनी और फोरआर्म पर भी चोटों के निशान पाए गए। सबसे गंभीर बाहरी चोट दाहिनी जांघ पर पाई गई, जहां लगभग 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा नीला दबाव चिन्ह मिला। इसके अलावा बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव पाया गया। रिपोर्ट में कमर और पेट के निचले हिस्से में घाव तथा दाहिने इलियक क्रेस्ट के ऊपर बड़े आकार का गोलाकार कंट्यूजन मिलने का उल्लेख है। दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट और दबाव के निशान पाए गए। बाएं कान से रक्तस्राव होने की बात भी सामने आई है।
आंतरिक परीक्षण में डॉक्टरों ने मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर हेमेटोमा यानी रक्त का थक्का पाया। तिल्ली फटी हुई मिली, जबकि शरीर के विभिन्न हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव भी दर्ज किया गया। रिपोर्ट में हृदय के चैम्बर खाली पाए जाने और बाईं किडनी के पीली अवस्था में होने का भी उल्लेख किया गया है। मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं, जो किसी गंभीर आघात या हिंसक घटना की ओर संकेत करती हैं। वहीं विषैले पदार्थ की संभावना को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।