नोएडा (संवाद)। कार्तिक मास की शुरुआत के साथ ही सेक्टर-33 और सेक्टर-151 स्थित इस्कॉन मंदिरों में एक माह तक भक्ति और दीपदान का आयोजन होगा। श्रद्धालु पूरे महीने भगवान श्रीकृष्ण के दामोदर स्वरूप को दीप अर्पित करेंगे। इस्कॉन के बैकुंठनाथ ने बताया कि कार्तिक मास में भगवान श्रीकृष्ण और माता यशोदा को दीपदान किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, बाल लीला के दौरान माता यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण को रस्सी से ओखली के साथ बांध दिया था। इसी लीला के कारण भगवान का नाम दामोदर पड़ा।
दीपदान के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में चार बार, नाभि कमल पर दो बार, मुख कमल पर तीन बार और पूरे शरीर पर सात बार दीप दिखाते हैं। इसके बाद इसी तरह माता यशोदा को दीप अर्पित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में करीब 200 श्रद्धालु दीपदान करते हैं, जबकि एकादशी जैसे विशेष अवसरों पर यह संख्या एक हजार से अधिक हो जाती है।
26 अक्तूबर को शरद पूर्णिमा पर श्रीकृष्ण श्यामदेव की रासलीला के साथ दीपोत्सव की शुरुआत होगी। 30 अक्तूबर को श्रील नरोत्तम दास ठाकुर का तिरोभाव दिवस मनाया जाएगा। दो नवंबर को श्री राधाकुंड आविर्भाव दिवस यानी बहुलाष्टमी मनाई जाएगी। पांच नवंबर को श्री रमा एकादशी का आयोजन होगा।
नौ नवंबर को दिवाली पर दीपदान होगा। 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 13 नवंबर को श्रील प्रभुपाद का तिरोभाव दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को गोपाष्टमी मनाई जाएगी। 21 नवंबर को देवोत्थान एकादशी, गौर किशोर दास बाबाजी का तिरोभाव दिवस और भीष्म पंचक का प्रारंभ होगा। 24 नवंबर को श्रीकृष्ण दास रास यात्रा, तुलसी-शालिग्राम विवाह और भीष्म पंचक के समापन पर विशेष आयोजन होंगे।