पायलट प्रोजेक्ट में शारदा रोटरी से एलजी चौक होते हुए 130 मीटर रोड तक लगाई जाएगी डेकोरेटिव स्ट्रीटलाइट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर की सड़कों पर लैंडस्केपिंग बेहतर दिखाने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण डेकोरेटिव स्ट्रीटलाइट लगाएगा। इसके पायलट प्रोजेक्ट के तहत हिंडन पर बन रहे पुल से आगे कनेक्टिंग एलिवेटेड रोड और शारदा रोटरी से एलजी चौक होते 130 मीटर रोड तक लाइट लगाई जाएंगी।
अधिकारियों का कहना है कि पहले अल्फा रोटरी से प्राधिकरण भवन तक 105 मीटर रोड पर मेट्रो लाइन के नीचे डेकोरेटिव लाइट लगाई गई थीं। इनका डिजाइन और लुक तो अच्छा रहा लेकिन रोशनी कम होने से उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिले। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि अलग-अलग एजेंसी से डिजाइन और इसकी लागत पर कोटेशन मांगे गए हैं। जल्द ही डिजाइन को फाइनल कर लिया जाएगा।
शारदा रोटरी से एलजी चौक, गामा-1, एटीएस रोटरी होते हुए 130 मीटर रोड को चार से छह लेन करने का भी सड़क चौड़ीकरण के लिए भी काम चालू है। कुछ हिस्से में सड़क छह लेन की बन भी गई है। ऐसे में यहां स्ट्रीटलाइट बदलने की जरूरत भी होगी। नए डिजाइन की स्ट्रीटलाइट्स अगर यहां उपयोगी और लोगों को अच्छा अनुभव देती हैं। ऐसे में पूरे शहर में प्रमुख सड़कों पर इस डिजाइन का उपयोग किया जाएगा।