डायलॉग और एक्टिंग के वीडियो से सोशल मीडिया में अपनी पहचान बना चुके रावडी भाटी उर्फ रोहित भाटी की सोमवार तड़के सड़क हादसे में मौत हो गई। बीटा-2 थाना क्षेत्र के चूहड़पुर अंडरपास के करीब उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही रोहित के फालोअर्स ने सोशल मीडिया पर दुख जताया है। बुलंदशहर में अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स भी शामिल हुए।
मूलरूप से बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी रोहित भाटी सोशल मीडिया पर राउडी भाटी के नाम से मशहूर थे। रावडी फिलहाल ग्रेटर नोएडा की चाई सेक्टर स्थित निंबस सोसाइटी में रहते थे। रविवार रात वह दोस्तों के साथ नोएडा से फ्लैट पर लौट आए थे। सोमवार तड़के सवा तीन बजे रावडी अपने साथी दनकौर के अट्टा गांव निवासी मनोज और आतिश को घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार चूहड़पुर अंडरपास के करीब अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीटा-2 थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि रावडी ड्राइविंग सीट पर बैठे थे। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने रावडी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल मनोज और आतिश का इलाज जारी है।
रावडी के इंस्टाग्राम पर नौ लाख फालोअर्स
सपा युवजन सभा निवर्तमान जिलाध्यक्ष दीपक नागर ने बताया कि रावडी भाटी के इंस्टाग्राम पर नौ लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। प्रशंसकों ने उनके नाम से भी कई अकाउंट बना रखे हैं। यू-ट्यूब पर भी उनके कई एक्टिंग, डायलॉग और गाने आदि के वीडियो हैं। उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए गए। दीपक उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि अंतिम यात्रा में रावडी के फॉलोअर्स भी शामिल थे।