दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित धूम मानिकपुर चौकी पर तैनात कांस्टेबल की हाॅर्ट अटैक के चलते मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। बागपत जनपद के बरखेड़ा गांव निवासी मनोज कुमार (40) बादलपुर कोतवाली में तैनात थे। जीटी रोड स्थित धूम मानिकपुर पुलिस चौकी पर मंगलवार को ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 7 बजे अचानक सीने में दर्द होने लगा। तत्काल नजदीक के अस्पताल मोहन स्वरूप अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान कांस्टेबल की मौत हो गई।
मनोज करीब डेढ़ साल से बादलपुर कोतवाली से अटैच थे। मामले में मृतक के परिजन को सूचित कर दिया गया है। परिजन की ओर से अबतक कोई शिकायत नहीं की गई है। कांस्टेबल चौकी पर ही रहते थे। एसीपी दीक्षा सिंह का कहना है कि कांस्टेबल की हृदयाघात होने से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बात सामने आई है । उन्हें सांस संबंधी बीमारी रहती थी और वह पीसीआर वैन पर तैनात थे। परिवार में 12 साल की बेटी है और एक 9 साल का बेटा है ।