-नरेला इलाके की घटना, लाठी-डंडे से हमलाकर पैर तोड़ा
-पुलिस ने तीन हमलावरों को किया गिरफ्तार, एक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नरेला इलाके में आपसी रंजिश में चार लोगों ने एक शख्स पर जानलेवा हमला कर दिया। दो हमलावर उसे तब तक लाठी डंडो से पीटते रहे जब तक वह अचेत नहीं हो गया। पूरी घटना का एक शख्स ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया। घायल की पहचान 55 साल के रहीम के रूप में हुई है। मारपीट में उसका एक पैर टूट गया है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और भागे हुए एक आरोपी की तलाश कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 28 जुलाई की रात नरेला थाना पुलिस को वर्धमान मॉल के पास एक व्यक्ति की लाठी डंडे से बेरहमी से पिटाई किए जाने की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि रहीम नाम के व्यक्ति पर चार लोगों ने लाठी डंडे से हमला किया है। परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि पीड़ित अभी बयान देने की हालत में नहीं है। उनके दोनों पैर में गंभीर चोट है और एक पैर टूट गया है। इसी बीच अगले दिन किसी ने रहीम पर हुए हमले का वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेते हुए रहीम के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।
उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी तीन बेटियों के साथ सेक्टर ए-6 नरेला में रहते है। 28 जुलाई की रात वह दवा लेने के लिए वर्धमान मॉल जा रहे थे, तभी चार लोगों ने उसे लाठियों से पीटना शुरू कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इलाके के रहने वाले बबलू खत्री और मनीष के कहने पर उसके दो रिश्तेदारों ने उसपर हमला किया है। पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस ने तकनीकी जांच कर मनीष उर्फ मेसी और बबलू खत्री को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर मोहित को गिरफ्तार किया है।