विहिप के प्रांतीय मंत्री के भतीजे का शव मिला, हत्या की आशंका
- कुत्ता घुमाने निकला था बीबीए छात्र, कुत्ते को पहनने वाले बेल्ट से लटका था शव
- रात भर शव के पास बैठा रहा कुत्ता, पुलिस ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। घर से कुत्ता घुमाने निकला युवक का शव सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग के पास नीम के पेड़ से लटका मिला। युवक का शव कुत्ते के पहनने वाले बेल्ट के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। उसका पालतु कुत्ता भी रात भर वहीं बैठा रहा। युवक की शिनाख्त सेक्टर-44 निवासी मृत्युंजय कौशिक (22) के रूप में हुई है। उसके चाचा उमानंदन कौशिक विश्व हिन्दू परिषद के प्रांतीय मंत्री हैं। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
सेक्टर-44 स्थित सदरपुर में रहने वाले योगेंद्र कौशिक का प्रिंटिंग प्रेस का काम है। बेटा मृत्युंजय कौशिक ग्रेटर नोएडा के मंगलम कालेज में बीबीए फाइनल ईयर का छात्र था। मृत्युंजय बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे पालतू कुत्ते (लेब्रा) को टहलाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह नहीं लौटा। घरवालों ने काफी ढूंढा लेकिन उसका पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी बंद था। बृहस्पतिवार सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल से युवक का चप्पल, डंडा और मोबाइल मिला। मोबाइल डिस्चार्ज था।
पुलिस ने मोबाइल को चार्ज किया। चार्ज होते ही परिजनों की तरफ से कॉल आने के बाद युवक की पहचान हुई। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह लग रहा है कि युवक ने कुत्ते के बांधने वाले पट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। घटना के बाद कुत्ता युवक के शव के पास पूरी रात बैठा रहा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
युवक कई माह पूर्व भी एक बार घर से बिना बताए चला गया था कि लेकिन अगले दिन सुबह लौट आया था। इस कारण परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। शव मिलने के बाद मौके पर बृहस्पतिवार सुबह डीसीपी नोएडा हरीश चंदर, एडिशनल डीसीपी शक्ति अवस्थी, एसीपी नोएडा रजनीश वर्मा मौके पर पहुंच गए। इधर मौके पर विहिप से जुड़े लोग भी पहुंच गए। डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।