जेवर। नीमका गांव में रविवार सुबह तालाब में एक दुकानदार का शव उतराता हुआ मिला। सुबह करीब आठ बजे तालाब के पास मछली पकड़ रहे बच्चों ने शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। बताया जा रहा है उसके हथेली पर जख्म के निशान थे। लोगों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। मृतक की पहचान जेवर के नीमका गांव निवासी राधा वल्लभ (42) के रूप में हुई है। मृतक फरीदाबाद के बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र में रहकर दुकान चलाता था और करीब एक सप्ताह पहले गांव आया था। पिछले चार दिनों से वह लापता था।
गांव के पूर्व प्रधान अरविंद अत्री ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। उसका उपचार भी आगरा में चल रहा था। उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। शव को तालाब से बाहर निकालने पर उसके हाथों पर गंभीर जख्म पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।