गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 नवंबर से शुरू हो सकती हैं। समय सारिणी लगभग तैयार है। एक-दो दिन में समय सारिणी जारी कर दी जाएगी।
डीडीयू के कैलेंडर में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 नवंंबर से प्रस्तावित थीं। पुस्तक महोत्सव और एथलेटिक्स मीट के कारण नवंबर के दूसरे पखवाड़े से परीक्षाएं शुरू कराने का निर्णय डीडीयू प्रशासन ने लिया था। अब इसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, परीक्षाएं 18 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षाओं की शुरुआत परास्नातक तृतीय सेमेस्टर से होगी। उनमें भी उन्हीं विषयों की परीक्षाएं पहले शुरू होंगी, जिनकी पढ़ाई सिर्फ विश्वविद्यालय परिसर में ही होती है। 25 नवंबर के आसपास स्नातक की परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं।
परीक्षा केंद्र निर्धारण को लेकर भी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। केंद्र बनाए जाने को लेकर डीडीयू प्रशासन के पास डेटा आ गया है। उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। एक-दो दिन में परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी।
-
समय सारिणी जारी करने में इस वजह से हो रही देरी
डीडीयू प्रशासन पिछले हफ्ते ही समय सारिणी जारी करने को लेकर तैयारियां कर रहा था लेकिन बहुत से छात्रों का पंजीकरण और परीक्षा शुल्क जमा नहीं हुआ था। इसे देखते हुए उन्हें 10 नवंबर तक शुल्क जमा करने का मौका दिया गया था।
-
इन विषयों के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 13 से
सत्र 2024-25 में एमएस (एआई), बीसीए (एमएल एंड डीसी) और बीसीए (आईओटी) पाठ्यक्रम की शुरुआत हुई थी। देरी से प्रवेश के कारण यह कोर्स एक सेमेस्टर पीछे चल रहा है। इन विषयों के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी गई है। यह परीक्षाएं 13 नवंबर से शुरू होंगी।
समय सारिणी एक-दो दिन में जारी हो जाएगी। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण भी जल्द ही कर लिया जाएगा। हमारी कोशिश है कि 18 नवंबर से परीक्षाएं शुरू करा दी जाएं।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू