अस्पताल पहुंचे सांसद महेश शर्मा ने बंधाया ढाढ़स, शादी के लिए 1 लाख की सहायता की पेशकश
ग्रामीणों ने उठाई काजल को सरकारी नौकरी देने की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर के दयानतपुर गांव में हुए एलपीजी सिलिंडर हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और शोक का माहौल है। हादसे के चलते मृतक वीरपाल की बेटी धीरज कुमारी की शादी, जो पूर्व में 1 दिसंबर को तय थी, उसे फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है। बुधवार को ग्रामीणों और स्वजनों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए शादी की नई तारीख 11 दिसंबर तय की है।
वहीं दूसरी ओर बुधवार को गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा कैलाश अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में झुलसी बहू काजल और तीन वर्षीय पोते आदित्य का ढाढ़स बढ़ाया। इसके बाद सांसद दयानतपुर गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी तथा हरसंभव मदद का भरोसा जताया। सांसद ने परिवार को बेटी की शादी के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की पेशकश की। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सांसद से काजल को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग रखी।