– महिला-पुरुष कबड्डी और विशाल दंगल होंगे मुख्य आकर्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में आयोजित होने वाले दाऊजी मेले की शुरुआत 29 अगस्त से होने जा रही है। इस दौरान महिला-पुरुष कबड्डी और विशाल कुश्ती दंगल मुख्य आकर्षण होंगे। नौ दिन तक चलने वाले मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को श्री दाऊजी प्रबंध समिति की बैठक हुई। इसमें मेले की व्यवस्थाओं समेत अन्य पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष मेले में कई रोमांचक आयोजन होने वाले हैं, जो दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। इनमें महिला कबड्डी, पुरुष कबड्डी, बाल दंगल और विशाल दंगल शामिल हैं। भक्तों के लिए श्री खाटू श्याम का दरबार व जागरण का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा झांकियां भी निकाली जाएंगी जो मेले की रौनक बढ़ाएंगी। प्रबंध समिति का कहना है कि इस साल का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और आकर्षक होगा। समिति का लक्ष्य है कि इस वर्ष का मेला लोगों के लिए एक यादगार अनुभव बने। बैठक की अध्यक्षता श्री दाऊजी प्रबंध समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने की। इसमें मेला संयोजक शिवकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष यशु शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा, महासचिव बनवारीलाल शर्मा, लेखा निरीक्षक विजय शर्मा और दिनेश शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।