–सेक्टर-50 के मेघदूतम पार्क के प्रवेश द्वार पर दिखा सांप, ड्यूटी करने से डर रहे सुरक्षाकर्मी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के पार्कों में शाम होते ही जहां महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की चहल-पहल होनी चाहिए, वहां अंधेरे और सांपों के डर से लोग जाने से कतरा रहे हैं। पार्कों में जगह-जगह लाइटें खराब होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि सुरक्षाकर्मी भी रात में ड्यूटी करने से डर रहे हैं।
सेक्टर-51 के आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि रविवार सुबह सेक्टर-50 के मेघदूतम पार्क के प्रवेश द्वार पर बड़ा सांप दिखाई दिया। पार्क में कई जगह लाइटें खराब हैं। सुरक्षाकर्मियों के बैठने वाली जगह के आसपास भी आए दिन सांप नजर आते हैं। इससे सुरक्षाकर्मियों में डर है और कुछ ने रात में ड्यूटी करने से मना कर दिया है।
निवासियों का आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व पार्कों में शराब पीते हैं। पुलिस गश्त नहीं होने से नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है। इसके चलते महिलाएं शाम को पार्क में टहलने से कतराती हैं।
सेक्टर-37 के वार्ड-12 स्थित सीनियर सिटीजन पार्क में भी करीब एक महीने से अंधेरा छाया हुआ है। अरुण विहार आरडब्ल्यूए के चेयरमैन प्रशांत गुप्ता ने प्राधिकरण के जल एवं विद्युत विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह से लाइटें ठीक कराने की मांग की है।
निवासियों का कहना है कि अंधेरे के कारण बुजुर्गों को परेशानी होती है। उन्होंने खराब लाइटें दुरुस्त कराने, नियमित रखरखाव और पार्कों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
-
सेक्टर की अधिकतर लाइटें खराब हैं, खासकर पार्क की हाईमास्क लाइटें, इसके चलते घना अंधेरा छाया हुआ है - संजीव कुमार, सेक्टर-51
गलियों और सीनियर सिटीजन पार्क की लाइटें खराब पड़ी हैं, शाम को महिलाएं अब पार्क नहीं जाती हैं - कर्नल (रि) प्रशांत गुप्ता, अरुण विहार
प्राधिकरण को कई बार पत्र लिखा, लेकिन पार्कों की हाईमास्क लाइटें नहीं लगीं, अराजक तत्वों का जमावड़ा लगता है - सतनारायण गोयल, सेक्टर-55
हमारे सेक्टर कई अधिकतर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जो सही है, उन्हें जलाया नहीं जाता है - राजेश सिंह, आरडब्ल्यूए महासचिव सेक्टर-50