ग्रेटर नोएडा(संवाद)। मुख्यमंत्री अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती योजना के तहत दादरी नगर पालिका परिषद क्षेत्र के तीन वार्डों में निर्माण कार्य शुरू किए हैं। दादरी विधायक तेजपाल नागर और नगर पालिका परिषद चेयरमैन गीता पंडित ने निर्माण का शुभारंभ किया।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा के तीन वार्डो में काम होने से लोगों को हो रही दिक्कतें दूर होंगी। वार्ड 12 में सीसी रोड एवं नाली का निर्माण 32.48 लाख में किया जाएगा। वार्ड 7 में सीसी रोड एवं नाली का निर्माण 5.30 लाख में होगा। वार्ड 11 में सीसी रोड एवं नाली का निर्माण 13.05 लाख में किया जाएगा। इस अवसर पर दादरी नगर पालिका परिषद की चेयरमैन गीता पंडित, एचके शर्मा, आरके चौधरी, लब्बू शर्मा, अभिषेक कौशिक, रामनिवास विधूड़ी, मान रावल, रामेश्वर बंसल, ब्रहम पंडित, रघुवीर शर्मा समेत लोग मौजूद थे।