करंट से युवक की मौत के बाद जाम लगाते लोग।
- फोटो : Grnoida
छत पर हाइटेंशन लाइन से लगा करंट, युवक की मौत
दादरी। माधव विहार कॉलोनी में मकान के ऊपर से जा रही हाइटेंशन लाइन से करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं इस घटना से नाराज लोगों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रेलवे रोड पर जाम लगाया। मृतक के परिवार को आर्थिक मदद की मांग की गई। करीब एक घंटे बाद आश्वासन मिलने पर जाम खोला गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली दादरी क्षेत्र स्थित माधव विहार कॉलोनी में राहुल कुमार (26) पुत्र ब्रज किशोर परिवार के साथ रहता था। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे राहुल घर की छत पर गया था। छत के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से राहुल बुरी तरह झुलस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बिजली की रोशनी देख परिजन छत पर पहुंचे। निगम कर्मियों को घटना की सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। हादसे से नाराज लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रेलवे रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
लाइन हटवाने के लिए पैसे मांगने का आरोप
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि मृतक के परिजनों ने कई बार ऊर्जा निगम में बिजली लाइन हटवाने की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि इस काम के लिए उनसे पैसों की मांग की जा रही थी।