नेपियर घास की खेती से गोशालाओं को मिलेगा सालभर हरा चारा
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्धनगर में तेजी से होते भूमि अधिग्रहण के कारण चारे की किल्लत और उसकी बढ़ती कीमतों को देखते हुए पशुपालन विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। जिले की गोशालाओं और पशुओं के लिए सालभर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किसानों को नेपियर घास बोने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस योजना के तहत नेपियर घास की खेती करने वाले किसानों को निशुल्क बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, किसानों को प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार सचान के मुताबिक, कृषि और पशुपालन विभाग के अधिकारी गांवों में ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों के माध्यम से किसानों को जागरूक कर रहे हैं। हालांकि, जिले में अभी तक इस योजना के लिए एक भी किसान आगे नहीं आया है, लेकिन प्रशासन लगातार इसके फायदों की जानकारी देकर ग्रामीणों को प्रोत्साहित कर रहा है।