नूंह। गुरुग्राम-अलवर हाईवे पर बुधवार दोपहर यातायात पुलिस की गाड़ी से कुचलकर बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। इनकी पहचान फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदबास निवासी हसवती (48) पत्नी कन्हैया लाल और रजनी (20) पुत्रवधु किशनचंद के रूप में हुई है। दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। हादसे में महिलाओं को बाइक पर लेकर आ रहा विजय भी घायल हुआ है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और महिलाओं के परिजनों के मुताबिक, बुधवार को विजय, हसवती और रजनी राजस्थान में अपनी रिश्तेदारी में होकर बाइक पर घर लौट रहे थे। दोहा चौक पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही यातायात पुलिस की तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। इससे हसवती और रजनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विजय घायल हो गया। वैसे पुलिस का दावा है कि इन तीनों की बाइक का संतुलन पास से होकर गुजरी एक अन्य बाइक के छू जाने से बिगड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस की गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ भी की। दूसरी ओर, गांव के कुछ लोगों ने फोन पर पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। इस पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने पुलिसकर्मियों के सामने भी यातायात पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की। लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने पुलिस का भारी विरोध किया।
लगातार दूसरे दिन दो मौतों पर गुस्साए
मंगलवार रात भी गुरुग्राम-अलवर मार्ग पर सड़क हादसेे में दो लोगों की मौत हो गई थी। बुधवार को भी दिन में हुई दो मौतों से लोगों के गुस्से का बांध टूट गया। पड़ा। यातायात पुलिस के वाहन से दो लोगों की जान जाने की सूचना पर वे दोहा चौक पर एकत्रित होने लगे थे। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए एक घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसकी सूचना पाकर जिले की पुलिस भारी संख्या में पहुंच गई। पुन्हाना के डीएसपी शमशेर सिंह ने ग्रामीणों को समझाया और हादसे के दोषी पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।