पिस्टल के बल पर 80 हजार की लूट
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के मलकपुर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े साइबर कैफे के अंदर पिस्टल के बल पर युवक से 80 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। वारदात को दो आरोपितों ने अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पूरी वारदात कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वहीं अधिकारियों ने मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही हैं।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को मलकपुर स्थित साइबर कैफे के अंदर दो आरोपी व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल के बल पर युवक को डराया और उससे 80 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में वादी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस टीमों ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के जल्द अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश करते हुए लूटी गई रकम बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।