आप ने दक्षिण दिल्ली में दुष्कर्म और हत्या की घटना पर सरकार को घेरा
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली में दुष्कर्म, हत्या की घटना पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि चार इंजन वाली सरकार में राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आप विधायक ने मीडिया से कहा कि हाल में हुई हत्या, लूट और धमकी की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आईआरएस अफसर की बेटी की हत्या जैसे मामलों पर भी एलजी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सरकार की चुप्पी से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। स्कूलों और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियों के बावजूद अब तक कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया। विधायक ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से कानून व्यवस्था पर चर्चा के लिए आप प्रतिनिधिमंडल को जल्द समय देने की मांग की है। ब्यूरो