अवैध हथियार रखने वाला एक सप्ताह बाद गिरफ्तार
फिरोजपुर झिरका। शहर पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार रखने के मामले में रविवार शाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 8 दिसंबर को दिल्ली-अलवर मार्ग पर लघु सचिवालय के सामने शहर के वाजिद नाम के युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसके शव के पास शहर पुलिस को देशी कट्टा मिला था, जिसे बरामद कर गुप्त रूप से जांच शुरू की गई थी। इस जांच में मृतक के साथ मौजूद आरिफ का कट्टा पाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरिफ मृतक वाजिद के शव को छोड़कर मौके से फरार हो गया था। रविवार को आरिफ निवासी फिरोजपुर झिरका को दोहा गांव से आते समय पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने बताया कि कट्टा उसी का है। शहर पुलिस चौकी के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि आरिफ के खिलाफ अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में हाजिर कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।