मुठभेड़ में चेन लूट का 25 हजार का ईनामी बदमाश गिरफ्तार
-बिसरख कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक व चेन बेचने से मिली धनराशि बरामद की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक 25 हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। आरोपी बिसरख कोतवाली के एक मामले में फरार चल रहा है। आरोपी की पहचान आमिर उर्फ चिप्पड उर्फ अन्नू निवासी मोहल्ला अलबीनगर गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बदमाश बाइक चोरी व चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देता था। मुठभेड़ से पहले गौड़ सिटी के आसपास वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बिसरख कोतवाली पुलिस हैबतपुर गेट के पास सर्विस रोड पर बिजली घर तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक को रोका गया, लेकिन युवक ने बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो शाहबेरी की तरफ जाने वाले रास्ते पर बाइक फिसल गई। आरोपी बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लग गई। घायल होने पर पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। उसके पास से चोरी की बाइक, अवैध हथियार व लूटी गई चेन को बेचकर मिले 2720 रुपये बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अपने साथ नकीब उर्फ हासिम व सोनू के साथ मिलकर एनसीआर में बाइक चोरी व चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। इंदरापुरम थाना से बाइक चोरी के आरोप में जेल भी जा चुका है। इस समय जमानत पर बाहर है। आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद व दिल्ली में 7 मुकदमें दर्ज हैं।