-पकड़े गए बदमाश वाहन चोरी, लूट और हथियारों की तस्करी में थे लिप्त
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार देर रात मोजर बीयर गोलचक्कर के पास रेलवे लाइन किनारे जंगल में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जबकि एक बदमाश कांबिंग में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से अवैध हथियार, कारतूस के साथ तीन कार बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान बिट्टू उर्फ प्रवेश कसाना, गोलू उर्फ रवि जाटव, नवीन के रूप में हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि मोजर बीयर गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति रेलवे लाइन के पास जंगल में चोरी व लूट की गाड़ियों के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब उन्हें टोका, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश बिट्टू उर्फ प्रवेश कसाना और गोलू उर्फ रवि जाटव घायल हो गए। जबकि तीसरे बदमाश नवीन को पुलिस ने जंगल की कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट थार, एक स्कॉर्पियो और एक बलेनो कार बरामद की हैं। बरामद थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में पहले से मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपियों पर कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। बिट्टू उर्फ प्रवेश कसाना पर 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट शामिल हैं। वह थाना लोनी गाजियाबाद का रहने वाला है। वहीं गोलू उर्फ रवि जाटव निवासी थाना फोर्निया, महोबा पर भी छह से अधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराएं शामिल हैं। नवीन निवासी थाना टीला मोड़ गाजियाबाद के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। गिरोह संगठित रूप से वाहन चोरी, लूट और हथियारों की तस्करी में लिप्त था।
जेल से छूटने के बाद वारदात को देने लगते हैं अंजाम
गिरोह पिछले आठ साल से सक्रिय है। अबतक 20 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। बिट्टू उर्फ प्रवेश कसाना के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। गिरोह के सदस्य पूर्व में जेल जा चुके है। जेल से आने के बाद वारदात को फिर से अंजाम देने लगते हैं।