कुलेसरा गांव में बृहस्पतिवार रात महिला ने पंखे से लटककर जान दे दी। महिला के परिजन ने पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए इकोटेक-3 कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से कन्नौज के राजापुर गांव निवासी सुलोचना की शादी 2010 में कन्नौज निवासी ओमकार लोधी से हुई थी। पति की नौकरी के चलते शादी के बाद दोनों कुलेसरा गांव में किराये पर रहने लगे।
ओमकार नोएडा के फेस दो स्थित निजी कंपनी में नौकरी करता है। बृहस्पतिवार रात कंपनी से आने के बाद ओमकार ने सुलोचना से कहा कि वह भाई को दिए हुए पैसे वापस ले। इस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। पति घर से बाहर चला गया।
देर रात वापस लौटा तो पत्नी पंखे लटकी हुई थी। अस्पताल से जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी बिजेंद्र सिंह भड़ाना ने बताया कि मौके से कोई सुइसाइड नोट नही मिला है। पति ने पूछताछ में पैसे को लेकर झगड़े की बात बताई है। परिजन की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।