इंडियन मुजाहिदीन के कथित आतंकी अब्दुल वाहिद सिद्दीबापा की पुलिस हिरासत विशेष एनआईए कोर्ट ने सात दिनों के लिए बढ़ा दी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सात दिनों के बाद भटकल कर्नाटक निवासी सिद्दीबापा पटियाला हाउस स्थित विशेष एनआईए जज राकेश पंडित के समक्ष पेश किया था।
एनआईए ने आरोपी का रिमांड 15 दिन बढ़ाने का आग्रह करते हुए कहा कि आतंकी संगठन के बारे में आरोपी ने कई तथ्यों का खुलासा किया है। उसने आईएम के लिए हवाला के जरिये कई लेन देन किए थे।
इस सिलसिले में उससे आगे पूछताछ करने की जरूरत है। एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि आरोपी ने दुबई व मुंबई समेत कई स्थानों से हवाला लेनदेन होने का खुलासा किया है।
इन स्थानों पर छानबीन के लिए कई टीमों को भेजा गया है। अदालत ने एजेंसी की अर्जी पर सुनवाई के बाद सिद्दीबापा की पुलिस हिरासत चार जून तक बढ़ा दी है।