सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र के बिजली घर तिराहे पर जेबकतरों ने एक यात्री को जेब से मोबाइल निकालने का विरोध करने पर ब्लेड मारकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया।
जबकि दो जेबकतरे चकमा देकर फरार हो गए। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दिल्ली के त्रिलोकपुरी से डीटीसी बस में तीन युवक सवार हुए और वह नोएडा तक आ गए।
सेक्टर-12-22 से दिल्ली निवासी सूरज कुमार बस में दिल्ली के लिए सवार हुए थे। बस जब बिजली घर तिराहे के पास पहुंची तो एक बदमाश ने सूरज कुमार की जेब से मोबाइल निकालने का प्रयास किया लेकिन इस बात की जानकारी सूरज को लग गई और उसने बदमाश का हाथ जेब में ही पकड़ लिया।
इस दौरान विवाद हुआ तो सूरज ने बदमाश को पकड़ लिया। पकड़े जाने पर बदमाश ने सूरज पर ब्लेड से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसका लाभ उठाकर बदमाश भागने लगे तो एक जेबकतरे को यात्रियों ने दबोच लिया। वहीं पुलिस को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंची और भाग रहे दो बदमाशों का पीछा किया।
लेकिन बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बताया कि एक जेबकतरे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और फरार साथियों को पकड़ने लिए टीम भेजी गई है।