सेक्टर-62 स्थित डीएलएफ बिल्डिंग के पास कार सवार बदमाशों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से गन प्वाइंट पर ऑडी कार लूटने का प्रयास किया। वह कार लूटने में विफल हुए तो इंजीनियर का मोबाइल लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने सेक्टर-58 थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि विशाल कौशिक सेक्टर-62 स्थित एक एमएनसी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे वह ऑफिस से घर अपनी ऑडी कार से जा रहे थे। तभी स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने उनकी ऑडी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर उनकी कार लूटने का प्रयास किया, तभी विशाल ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
थोड़ी ही दूरी पर सेक्टर-58 थाने की पीसीआर गश्त कर रही थी। बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से ऑडी कर छोड़ कर विशाल का मोबाइल लूट कर फरार हो गए। बदमाश स्विफ्ट कार से वारदात को अंजाम देने आए थे। कयास लगाया जा रहा है कि यह वही स्विफ्ट कार है जो बुधवार रात फेस-3 इलाके से प्रॉपर्टी डीलर से लूटी गई थी।
वहीं, एसएचओ सेक्टर-58 रविकांत पाराशर का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास की कंपनियों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।