पेटीएम का कर्मी बताकर 50 हजार ठगे
नोएडा। साइबर ठगों ने पेटीएम से पांच लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर एक इंजीनियर से 50 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने सेक्टर-58 कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस के अनुसार, पंजाब के होशियारपुर निवासी जसवीर सिंह सोढ़ी नोएडा के सेक्टर-62 स्थित नवादा गांव में किराये के मकान में रहते हैं। 5 मई को उनके पास अशोक का फोन आया और उसने खुद को पेटीएम का कर्मचारी बताते हुए कहा कि वह उनके अच्छे ग्राहकों में से है, इसलिए उनको पांच लाख रुपये के लोन के लिए कंपनी की ओर से ऑफर दिया जा रहा है। इस समय गारंटी के तौर पर उन्हें 50 हजार रुपये देने होंगे। साथ ही, लोन की दर भी सात फीसदी बताई गई थी। ठग ने सिक्योरिटी और अन्य शुल्क के नाम पर 50 हजार रुपये खाते में डलवाए और फोन बंद कर दिया। इंस्पेक्टर पंकज राय का कहना है कि युवक की शिकायत साइबर सेल भेज दी गई और वहीं से जांच कराई जा रही है।
----------------
पूल पार्टी मामले में दर्ज हुई 56 पेज की रिपोट
नोएडा। इको फार्म हाउस में पूल पार्टी से 192 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले में गिरफ्तार युवक-युवतियों की संख्या अधिक होने से पुलिस को 56 पेज की रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी थी। इस साल एक ही मामले में जिले में सबसे अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। साथ ही, इस साल की सबसे बड़ी एफआईआर दर्ज हुई है जिसमें 56 पेज की तहरीर दी गई थी। इससे पहले पिछले साल 126 युवक-युवतियों को फर्जी कॉल सेंटर से गिरफ्तार किया गया था। ब्यूरो