कार में लिफ्ट देकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी से लूटपाट
एक्सप्रेसवे पर कार सवार चार बदमाशों ने की वारदात, विरोध करने पर मारपीट भी की, सड़क पर फेंककर भागे
अमर उजाला ब्यूरो
रबूपुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन के इंतजार में खड़े स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के साथ लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर कर्मचारी को पीटा और 10,700 रुपये लूटकर सड़क पर फेंककर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गांव खेड़ा मोहम्दाबाद निवासी सतीश ग्रेटर नोएडा कासना के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात है। शुक्रवार सुबह वह ड्यूटी पर जाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे खेड़ा अंडरपास पर वाहन का इंतजार कर रहा था। जेवर की तरफ से सफेद स्विफ्ट कार में आए बदमाशों ने परी चौक जाने की बात कहकर बैठा लिया। कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। कुछ दूर चलते ही पीड़ित की जबरन तलाशी शुरू कर दी। जेब में रखे रुपये व मोबाइल की बैट्री व चिप छीन लिए और मिर्जापुर के पास निर्माणाधीन एटीएस कंपनी के सामने फेंक कर फरार हो गए।