महिला ने पंखे से लटककर आत्महत्या की
नोएडा। चौड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला ने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत ने बताया कि मृतका की पहचान 40 वर्षीया नीता मिश्रा के रूप में हुई है। वह पति व ससुराल के लोगों के साथ चौड़ा में रह रही थी। बृहस्पतिवार रात को घर में किसी बात को लेकर नीता का मनमुटाव हो गया था। सुबह उसने पंखे से लटककर जान दे दी। एसएचओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह का मामला लग रहा है। ब्यूरो
---------
छात्रा की अश्लील तस्वीर फेसबुक पर की वायरल
नोएडा। कोतवाली फेज थ्री निवासी छात्रा की अश्लील तस्वीर किसी ने फेसबुक पर वायरल कर दी। जब छात्रा को पता चला तब घरवालों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। आरोप है कि पड़ोसी युवक हमेशा उसके घर में ताकझांक करता है। पीड़ित ने उसी पर शक जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो
------------------
शराब पीकर महिला ने किया हंगामा
नोएडा। चोटपुर कॉलोनी में एक महिला ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया। शुक्रवार सुबह महिला ने शराब पी ली और पड़ोसियों से बदसलूकी की। पुलिस ने महिला को शांत कराया। बाद में इसकी लिखित शिकायत पुलिस से भी की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो