मारपीट में हुई मौत का बदला लेने के लिए 12 घंटे में की हत्या
नूंह। रंजिश के कारण नूंह थाने के गांव भपावली में दो पक्ष के लोगों में सोमवार रात झगड़ा हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे पक्ष ने एक युवक का अपहरण कर लिया और करीब 12 घंटे बाद उसकी हत्या कर दी। फिलहाल नूंह पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से 42 लोगों के खिलाफ हत्या और अपहरण कर हत्या करने का मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस के सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात 12 बजे एक पक्ष के 12 लोगों ने गांव के ही साकिर पुत्र नब्बा का अपहरण कर लिया। इस दौरान दूसरे पक्ष ने अपहरणकर्ताओं के सपात नाम के साथी को पकड़कर पीट दिया। इस मारपीट में सपात गंभीर रूप से घायल हो गया। रात करीब डेढ़ बजे जयसिंहपुर पुलिस चौकी को सूचना मिलने पर सपात को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज नल्हड़ पहुंचाया गया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने 30 वर्षीय सपात को मृत घोषित कर दिया। मृतक सपात के चाचा दीनू की शिकायत पर नूंह थाना पुलिस ने गांव के सरपंच परिवार सहित फकरु, इस्ताक, साकिर, जाहुल, रिज्जू, साकिर, नब्बा, शेकुल, शकील, महमूद, खुट्टा, रुकमुद्दीन, सुका उर्फ सद्दीक, कालू, खुर्शीद, रुकमुद्दीन, रमजान, शहीद, लियाकत, हसमल, भुट्टू, अरसीदा, शहीद देवला, रफ्फी, ताहिर, साकिर इंदाना सहित 27 के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
साथी की हत्या की बात सुनकर अपहरणकर्ताओं ने साकिर को मार डाला
वहीं दूसरी ओर अपहरणकर्ता साकिर को रात के समय राजस्थान ले गए थे। उन्होंने अपने साथी सपात की हत्या की खबर सुनकर साकिर के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं अपहरणकर्ताओं का पीछा कर रही नूंह सीआईए पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल साकिर को पुलिस पुन्हाना के सरकारी अस्पताल लेकर आई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मंगलवार को पुलिस ने साकिर का शव कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेडा के शवगृह में पहुंचाया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। वहीं पुलिस ने मृतक साकिर के परिजन सैकुल की शिकायत पर दूसरे पक्ष के पांच नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रंजिश में हुआ बड़ा विवाद
जयसिंहपुर चौकी इंचार्ज एएसआई राकेश से मिली जानकारी के अनुसार भपावली गांव के कल्लू व उसके दो बेटे सपात और जुनैद ने करीब छह महीने पहले मथुरा के छाता थाना क्षेत्र में एटीएम से पैसे लूटने की वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात के बारे में गांव के साकिर को जानकारी थी। साकिर ने छाता थाना पुलिस को इस बारे में सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने कल्लू व उसके दोनों बेटे सपात और जुनैद को छह महीने पहले गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय कल्लू और सपात ने उन्हें पकड़वाने पर साकिर को सबक सिखाने की धमकी दी थी। कल्लू, सपात और जुनैद के जेल से आने बाद उसी रंजिश के कारण सोमवार रात साकिर का उन्होंने उसके घर से अपहरण कर लिया था।
जिला मुख्यालय डीएसपी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक युवक का शव पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया है जबकि दूसरा शव भी जल्द सौंप दिया जाएगा। फिलहाल गांव में तनाव के देखते हुए अतिरिक्त पुलिस लगा दी गई है। जांच के बाद दोनों पक्षों का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
फोटो-
चित्र परिचय- मृतक सपात,
फोटो 2 मृतक साकिर का परिजन और पुलिस शाम के समय मांडीखेडा के अल-आफिया अस्पताल में मौजूद