प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा
दादरी। रेलवे रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। डॉक्टर और कर्मचारी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुरा खेड़ा निवासी मनीष की पत्नी को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और अधिक खून निकल गया जिससे बुधवार रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने परिजनों को समझाया तो वह शव को लेकर गांव चले गए। प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक का कहना है कि परिजन अगर तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो