हेडिंग: बढ़ती लूट के बाद कप्तान सख्त, सीओ व एसएचओ को नोटिस
तय समय पर लूट की घटनाएं नहीं रुकेंगी तो हटेंगे कोतवाल
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। शहर में लगातार हो रही लूट की घटनाओं पर एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। एसएसपी ने शहर के सभी क्षेत्राधिकारी और एसएचओ की जमकर फटकार लगाई है। वहीं, एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी प्रथम और एसएचओ सेक्टर-39 को नोटिस जारी किया है। इसमें घटनाओं को रोकने और खुलासे के लिए निश्चित समय दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि अगर तय समय पर लूट की घटनाएं नहीं रुकती हैं कोतवाल हटाए जाएंगे।
एसएसपी ने जनपद के क्षेत्राधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी है। पिछले कई महीनों से जनपद में तैनात अधिकतर क्षेत्राधिकारियों पर काम के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगता रहा है। एसएसपी ने बताया कि सभी क्षेत्राधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे सुबह शाम पीसीआर और पीआरवी ड्यूटी चेंज होने के दौरान पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करेंगे। उनसे दिनभर के काम के बारे में पूछेंगे और लक्ष्य भी तय करेंगे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी एसएसपी को नियमित रूप से पीसीआर और पीआरवी के काम के बारे में बताएंगे।
आराम कर रहे थानाध्यक्षों पर भी नजर
एसएसपी ने कहा कि आराम करने वाले थानेदारों पर भी नजर है। कुछ थाना क्षेत्रों में गुडवर्क शून्य है। जबकि वहां लगातार घटनाएं हो रही हैं। ऐसे थानाध्यक्षों पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। छह महीने के दौरान एक्सप्रेसवे, कोतवाली सेक्टर-49, फेज टू, सेक्टर-58 में कोई बड़ा गुडवर्क नहीं हुआ है।
सिटी सेंटर बना लूट का नया प्वाइंट
कुछ माह में सिटी सेंटर से मोरना बस डिपो तक लूट का नया प्वाइंट बन गया है। दरअसल, मेट्रो स्टेशन, बस अड्डा होने से यहां देर रात तक चहल पहल रहती है। पास में ही लॉजिक्स मॉल है जिससे यहां पर बदमाश अधिक सक्रिय हो गए हैं जबकि पुलिस उतनी ही सुस्त दिखाई दे रही है। हाल के दिनों में यहां से कई लूट की घटनाएं हुईं लेकिन एक भी घटना का खुलासा नहीं हुआ।
---------
अगर कोतवाल अपने रवैये में सुधार नहीं लाते हैं तो उन्हें हटा दिया जाएगा। घटनाओं को खुलासा करने के लिए उन्हें तय वक्त दिया गया है। तय वक्त पूरा होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. अजयपाल शर्मा, एसएसपी