नाबालिग और महिला के साथ गैंगरेप
नूंह/पुन्हाना। जिले के अलग-अलग गांवों में एक ही दिन में गैंगरेप के दो और एक महिला के साथ रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीनों मामले दर्ज कर लिए हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
पुलिस के अनुसार नूंह खंड के एक गांव में किशोरी के साथ 6 युवकों ने गैग रेप किया। इतना ही नहीं पीड़िता के परिजनों के साथ आरोपियों के परिवार के लोगों ने मारपीट भी की। पुलिस ने आरोपी वाजिद, सरफराज, वसीम, करार, असलम, आसिफ और एक महिला अकबरी सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं दूसरा मामला नगीना खंड के एक गांव का है, जहां पर 19 वर्षीय महिला को बंदूक दिखाकर अगवा किया और फिर चार युवकों ने उसके साथ कई दिन तक गैंग रेप किया। आरोपियों ने महिला को गत 12 अगस्त को उसके गांव से अगवा किया था। वारदात के दौरान आरोपियों ने महिला की वीडियो बनाई और फोटो को भी सोशल मीडिया पर डाल दिया। जांच अधिकारी एवं महिला थाना प्रभारी मुनिया देवी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शौकीन, रशीद, खली और इस्माइल के खिलाफ गैंग रेप, अपहण करने, जान से मारने की धमकी देने और महिला के फोटो सोशल मीडिया पर वाइरल करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी कोटला गांव के रहने वाले हैं।
महिला के साथ रेप का प्रयास
नगीना खंड के एक गांव में 30 वर्षीय महिला के घर में घुसकर उसके साथ रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता के शोर मचाने के बाद आरोपी भाग गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। रेप और गैंग रेप के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस कितनी गंभीर है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला थाने में 6 माह पहले दर्ज रेप केस का आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहा है और पीड़ित परिवार को धमकी दे रहा है। पुलिस है कि शिकायत करने के बावजूद आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश नहीं दे रही है।