हेडिंग: छठी के छात्र ने रची खुद के अपहरण की साजिश
पिता को फोन कर कहा, अपहरण हो गया है, पांच लाख देकर बचा लो
दो दिन पहले घर से चुरा लिए थे पैसे, पिता के डांटने से था नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। पिता की डांट से नाराज होकर छठी का छात्र सोमवार दोपहर घर से भाग गया और अपने ही अपहरण की साजिश रच ली। दूसरे के मोबाइल से फोन कर पिता से कहा ‘पापा मेरा अपहरण हो गया है। इन लोगों को पांच लाख रुपये दे दो, नहीं तो मार डालेंगे।’ इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रेस किया और बिसरख की कंस्ट्रक्शन साइट से छात्र को बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, छिजारसी निवासी का 11 साल का बेटा छिजारसी के ही एक स्कूल में छठी में पढ़ता है। सोमवार को उनका बेटा स्कूल से घर नहीं आया। दोपहर बाद करीब पौने दो बजे पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन पर उनका बेटा था। उसने कहा कि पापा मेरा अपहरण हो गया। घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छात्र को बिसरख इलाके से बरामद कर लिया। कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे ने एक दो दिन पहले घर से पैसे चुरा लिए थे। इस पर पिता ने उसे डांट दिया था। इसी कारण उसने परिजनों को सबक सिखाने के लिए वह एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर बिसरख चला गया। यहां कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले एक मजदूर से मदद के लिए फोन लिया और अपहरण की बात अपने पिता को बताई।