दंपती पर हमला, पुलिस बोली...गोली तो नहीं लगी
- बुजुर्ग दंपती ने प्रॉपर्टी डीलर पर दो बार हमला करने का लगाया आरोप
- सीओ बिसरख ने गिरफ्तार कराया आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-3 में रहने वाले बुजुर्ग दंपती पर कथित प्रॉपर्टी डीलर ने एक साथी संग हमला किया। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपती से कहा कि किसी को गोली तो नहीं लगी। कोई मरा तो नहीं। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन आरोपी को नहीं पकड़ा गया। आरोपी ने फिर दंपती के घर में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी दी। सीओ बिसरख ने मामला संज्ञान में आने पर आरोपी को गिरफ्तार करा दिया है।
ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 में नरेंद्र त्यागी (65) सेवानिवृत्त हैं। वे पत्नी के साथ रहते हैं। आरोप है कि सेक्टर में ही किराये के मकान में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर दीपक यादव उर्फ डीपी को शराब पीकर हंगामा करने पर उन्होंने टोक दिया था। रविवार रात साथी के संग डीपी नरेंद्र त्यागी के घर पर पहुंचा और गाली-गलौच कर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर नरेंद्र त्यागी के हाथ पर लगा और वह जख्मी हो गए। विरोध करने पर आरोपी ने उनकी पत्नी से अभद्रता की।
बुजुर्ग दंपती भिड़े तो आरोपी कार-जूते छोड़कर भागे
आरोपी के हमला करने पर बुजुर्ग दंपती उससे भिड़ गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन वह किसी तरह उनके चंगुल से छूट गया। वह अपनी कार व जूते छोड़कर गोली मारने की धमकी देकर भाग गया। दंपती ने यूपी-100 पर कॉल की, लेकिन वह कनेक्ट नहीं हुई। इसके चलते बिसरख कोतवाली में फोन किया गया। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस उनसे ही सवाल-जवाब करने लगी।
दोबारा आकर की तोडफ़ोड़
दंपती का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद आरोपी पर कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी ने दोबारा बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचकर शीशे, गमले आदि तोड़ दिए।
- मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- निशांत शर्मा, सीओ बिसरख