गुरुग्राम/मानेसर। हत्या व लूट के मामलों मेें शामिल व दिल्ली पुलिस के घोषित इनामी बदमाश को बिलासपुर अपराध शाखा की टीम ने शुक्रवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित बिलासपुर टोल टैक्स के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से देसी कट्टा व तीन कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान रोहतक के गांव बखेता निवासी सोनू उर्फ हिम्मत उर्फ चीकू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सोनू हत्या व लूट की कई वारदात में शामिल हैं। सोनू उर्फ चीकू अलीपुर दिल्ली गैंग का मुख्य सरगना भी है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। उसकी निशानदेही पर बादली स्टैंड के नजदीक करनाल बाईपास के पास हथियार के बल पर लूटी गई फॉच्यूनर गाड़ी भी बरामद कर ली गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी बदमाश ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश में हत्या व लूट की कई वारदात को कबूल किया है। बिलासपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आज आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।