दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर बीटेक छात्र से दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले ने छात्र को दो महीने में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। पीड़ित छात्र ने कोतवाली फेज थ्री पुलिस से मामले की शिकायत की है। चोटपुर कॉलोनी निवासी कामरान नियाज ने ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज से बीटेक सिविल की पढ़ाई पूरी की है। पड़ोस में रहने वाले युवक समीर ने सितंबर में कहा कि वह दुबई में नौकरी लगवा देगा। उसके भाई व परिवार के सदस्य विदेशों में नौकरी करते हैं। इसके बाद करीब 2 लाख रुपये उसको पहले देने होंगे। इसके बाद कामरान ने चार बार में 2 लाख रुपये समीर को दे दिए। समीर ने दो महीने में दुबई में नौकरी लगवाने का दावा किया। कामरान का आरोप है कि दो महीने पूरे होने पर आरोपी ने कुछ दिन और इंतजार करने को कहा। इस बीच आरोपी समीर अपना कमरा खाली कर भाग गया। उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।