31 तक कोर्ट में पेश न होने पर होगी तीन की कुर्की
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हुए 126 करोड़ के जमीन घोटाले मामले में तीन आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट मेरठ ने 31 मई तक अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। अगर तीनों आरोपी मुरादनगर निवासी जुगेश और गाजियाबाद निर्दोष चौधरी व गौरव सोनी अगर कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो कुर्की का आदेश जारी किया जाएगा। मामले में पूर्व सीईओ आईएएस पीसी गुप्ता मेरठ जेल में बंद हैं।
3 जून को कासना कोतवाली में पूर्व सीईओ आईएएस पीसी गुप्ता समेत 21 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पीसी गुप्ता को 22 जून को मध्यप्रदेश के दतिया से गिरफ्तार कर दस दिन की रिमांड पर लेने के बाद मेरठ की भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था। पीसी गुप्ता अब तक मेरठ जेल में बंद है। मामले में अब तक 36 से अधिक आरोपियों के नाम सामने आ चुके हैं और कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम श्वेताभ पांडे ने जानकारी दी है कि जुगेश, निर्दोष और गौरव को अदालत ने 31 मई तक पेश होने का आदेश दिया है। अगर आरोपी पेश अदालत में पेश नहीं होते तो उन पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। तीनों आरोपी मुख्य आरोपियों के परिचित व करीबी हैं और इन्होंने घोटाले में जमीन खरीदने, बेचने आदि में सहयोग किया है।
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में भी तीन को पेश होने के आदेश
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म मामले में फरार तीन आरोपियों को अदालत में 31 मई तक पेश होने के आदेश दिया है। आरोपी अमित, धर्मवीर व सुनील कोर्ट में पेश नहीं होंगे तो उनके खिलाफ भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।