अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
--
फार्म हाउस में मिले दो कर्मचारियों के शव
- एक कर्मचारी का शव जमीन पर पड़ा मिला, दूसरा पेड़ से लटका हुआ था
- पुलिस ने जताई कुल्हाड़ी से हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-126 के एक फार्म हाउस में बृहस्पतिवार सुबह दो कर्मचारियों के शव मिलने से अफरातफरी मच गई। एक कर्मचारी का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था तो दूसरे का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने एक कर्मचारी पर दूसरे की हत्या कर खुदकुशी करने की आशंका जताई है। मौके से खून से लथपथ कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। फार्म हाउस मालिक की तहरीर पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सभी कोणों से मामले की जांच की जा रही है।
सेक्टर-46 निवासी विजेंद्र सिंह का सेक्टर-126 पुश्ता रोड पर हैबिटेट गार्डेन नाम से फार्म हाउस है। फार्म हाउस में वह नर्सरी चलाते हैं। इस फार्म हाउस में पश्चिम बंगाल निवासी हेमराम सोम ऊर्फ छोटन, बबलू और छत्तीसगढ़ निवासी पवन कर्मचारी थे। तीनों रात में यहीं रहते हैं। बबलू दो दिन पहले गांव चला गया है। बुधवार रात को छोटन व पवन थे। बृहस्पतिवार सुबह रोज की तरह पवन अपने मालिक के घर दूध लेकर नहीं पहुंचा तो मालिक विजेंद्र सिंह ने फोन किया। कई बार फोन करने के बाद भी फोन दोनों कर्मचारियों ने नहीं उठाया। इसी दौरान फार्म हाउस का माली शारदा प्रसाद सुबह करीब 9:30 बजे आ गया। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब फार्म हाउस का गेट नहीं खुला तो उसने मालिक विजेंद्र सिंह को बताया। विजेंद्र सिंह के कहने पर शारदा प्रसाद दीवार फांदकर फार्म हाउस के अंदर घुसा तो खून से लथपथ छोटन (35) का शव जमीन पर पड़ा मिला और पवन का शव (38) पेड़ से लटका हुआ था। इसके बाद उसने विजेंद्र सिंह को बताया। विजेंद्र ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एसपी सिटी सुधा सिंह समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे।
सामान्य झगड़ा नहीं, कुछ और हो सकता है कारण
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह लग रहा है कि पवन ने छोटन की पहले धारदार हथियार से हत्या कर दी और बाद में खुद पंखे से लटक गया। छोटन के सिर, चेहरे व शरीर के कई अन्य जगहों पर घाव के कई निशान हैं। फार्म हाउस मालिक ने भी अपनी तहरीर में हत्या के बाद आत्महत्या की बात कही है। जबकि जिस तरह से छोटन की धारदार हथियार से जघन्य हत्या की गई है। उससे सवाल उठ रहा है कि सामान्य मारपीट के बाद हत्या नहीं हो सकती, इसके पीछे कुछ और हो सकता है।
सात साल से दोनों कर रहे थे काम
फार्म हाउस मालिक विजेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 से ही वह नर्सरी चला रहे हैं। तब से ही पवन और छोटन काम कर रहे थे। दोनों के बीच कोई तकरार नहीं थी। दोनों के अलग-अलग कमरे थे। उन्होंने बताया कि दोनों शराब भी नहीं पीते थे। विजेंद्र का भी कहना है कि किसी बात पर झगड़े के बाद पवन ने छोटन को मार डाला। फिर डर से खुद भी पेड़ से लटक गया।
खाना बनाते वक्त हुई वारदात
छोटन के कमरे में चूल्हे पर बनी हुई सब्जी रखी थी। छोटे गैस सिलेंडर का रेगुलेटर निकला हुआ था। गैस खत्म हो गई थी। कमरे के बाहर मिट्टी व ईंट के चूल्हे पर चावल बनाने के लिए रखा हुआ था। इससे पुलिस अंदेशा जता रही है कि खाना बनाने के दौरान ही वारदात हुई। तभी चावल पानी में अधपका रखा हुआ था। चूल्हे के पास ही छोटन का शव पड़ा हुआ था। अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि हो सकता है दोनों बाहर से शराब पीकर आए हों और किसी बात पर झगड़ा हुआ और यह वारदात हुई।
पवन रोज मालिक को दूध देने जाता था
फार्म हाउस के अंदर दो गायें भी हैं। फार्म हाउस मालिक विजेंद्र सिंह ने बताया कि यही लोग गाय की देखभाल करते थे और पवन रोजाना दूध लेकर उनके सेक्टर-46 स्थित घर आता था। उन्होंने बताया कि दोनों के घरवालों को इस घटना की सूचना दी गई है।
फार्म हाउस में दो कर्मचारियों के शव मिले हैं। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि एक कर्मचारी ने दूसरे की हत्या कर खुद पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। फिलहाल मौके से सभी साक्ष्यों को एकत्र कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर इसकी जांच कर रही है। दोनों कर्मचारियों के मोबाइल की भी जांच की जा रही है।- सुधा सिंह, एसपी सिटी।