गैंगस्टर दिखें तो प्रशासन को सूचना दें
- जिला प्रशासन ने जारी की 618 गैंगस्टरों की सूची
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
जिला प्रशासन ने 618 गैंगस्टरों की सूची जारी की है। साथ ही लोगों से क्षेत्र में गैंगस्टर के दिखने पर तुरंत संबंधित थाना, एसडीएम कार्यालय या डीएम कार्यालय को सूचित करने को कहा है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रहेगा।
डीएम बीएन सिंह ने बताया कि प्रशासन की तरफ से अब तक 618 बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई गैंगस्टर जेल से बाहर है तो आम जनता उसकी सूचना दे सकती है। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अपर जिलाधिकारी मजिस्ट्रेट, उप जिला मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के किसी भी अधिकारी के दफ्तर में गैंगस्टर के संबंध में जानकारी दी जा सकती है। सूचना मिलने पर संबंधित के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। गैंगस्टर की सूची सोशल मीडिया में भी जारी की गई है।
वेबसाइट पर जल्द जारी होगी गैंगस्टरों की सूची
डीएम बीएन सिंह ने बताया कि जिन बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जा रहा है उनकी सूची शीघ्र ही जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। फिलहाल वार रूम के जरिये आम जन तक पहुंचाई जाती है। डीएम का कहना है कि अगर वेबसाइट पर अपलोड होगी तो कोई भी देख सकेगा और प्रशासन तक सूचना दे सकेगा।