शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे
तीमारदार से बहस, मामला दर्ज
- दिल्ली सरकार के मदन मोहन मालवीय अस्पताल का मामला
- डॉक्टरों ने तत्काल पुलिस को दी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे तीमारदार ने जमकर हंगामा किया। दिल्ली सरकार के मदन मोहन मालवीय अस्पताल में शनिवार देर रात एक महिला मरीज के साथ आया तीमारदार इमरजेंसी वार्ड में ही सिगरेट पीने लगा। डॉक्टर ने उसे ऐसा करने से रोका तो नौबत गाली गलौच तक आ गई। डॉक्टर का कहना है कि स्थानीय विधायक के कुछ लोगों ने अस्पताल पहुंच आरोपी को भगा दिया। वहीं, डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पड़ताल शुरू कर दी है।
अस्पताल के सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार के अनुसार, शनिवार रात मरीज चंचल, तीमारदार गोलू के साथ अस्पताल आई थी। गोलू शराब पिये हुए था और अस्पताल में ही सिगरेट पीने लगा। उन्होंने उससे बाहर जाकर सिगरेट पीने को कहा तो वह गाली देने लगा। गार्डों तक से गलत व्यवहार किया। उसने फोन कर विधायक के लोगों को अस्पताल में बुला लिया और उन लोगों ने उसे भगा दिया। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है।