युवती ने दोस्ती तोड़ने की
बात कही तो घोंपा चाकू
- बीमारी से परेशान है युवती, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आंबेडकर नगर थाना इलाके के जहांपनाह पार्क में दोस्ती रखने से मना करने पर मोहम्मद शहजाद नाम के युवक ने 25 साल की युवती के पेट में चाकू घोंप दिया। अपनी बीमारी से परेशान युवती आगे उससे दोस्ती नहीं रखना चाहती थी। युवती को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अभी वह बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिणा जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात दो दिन पहले जहांपनाह पार्क के गेट नंबर दो के पास रात करीब साढ़े सात बजे हुई। मोहम्मद शहजाद तुगलकाबाद एक्सटेंशन में रहने वाली से पार्क में बैठकर बात कर रहा था। युवती अक्सर बीमार रहती है। दो बार उसका अल्सर का ऑपरेशन हो चुका है। बीमारी के कारण वह शहजाद से दूरियां बना रही थी। इस बात से खफा शहजाद ने युवती के पेट में चाकू घोंप दिया। युवती की चीख सुनकर पास में ड्यूटी कर रहा सिक्योरिटी गार्ड देबाबत्रा पहुंचा। उसने एक अन्य राहगीर की मदद से आरोपी शहजाद को पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। युवती को शुरू में मजीदिया में भर्ती कराया गया। वहां से एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। युवती की हालत गंभीर है। पुलिस ने गार्ड की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। शहजाद से पूछताछ चल रही है।