गाजियाबाद समेत अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
तिहरे हत्याकांड के आरोपी पर लगाई रासुका
- सुंदर भाटी के भतीजे से मिलकर कराई थी तीन हत्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। एक साल पहले तिगरी गांव के नजदीक पुरानी रंजिश के चलते सुंदर भाटी के भतीजे से मिलकर तीन हत्या कराने के आरोपी अरुण यादव पर जिला प्रशासन ने रासुका लगाई है। इस बाबत पुलिस ने जिला प्रशासन को अपनी रिपोर्ट दी थी, जिसको संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी बीएन सिंह और एसएसपी अजय पाल शर्मा ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि अरुण यादव निवासी बहलोलपुर फेस-टू हालपता निवासी वकील कॉलोनी प्रताप विहार गाजियाबाद पर रासुका लगाई गई है। 15 नवंबर 2017 को शिवकुमार, चालक बलीनाथ और निजी सुरक्षा गार्ड रहीसपाल अपनी कार में सवार होकर हैबतपुर से कृष्ण अपार्टमेंट प्रताप विहार जा रहे थे। हैबतपुर में पुराना तिगरी गोल चक्कर के पास दो बाइको पर सवार बदमाशों ने शिवकुमार पर दोनों ओर से गोलियां चला दी। गोली लगने से लहूलुहान हुए तीनों को नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां तीनों ने दम तोड़ दिया।
अभियुक्त अरुण यादव शिवकुमार से बदला लेने की नियत से कुख्यात अपराधी सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी से मिला था। उसके साथ मिलकर शिव कुमार की हत्या की योजना बनाई थी। अनिल भाटी ने अपने शूटरों नरेश तेवतिया, रावण उर्फ उपाध्याय, अमर फौजी उर्फ राजकुमार को शिवकुमार की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस काम के लिए अपनी एक नौ एमएम की पिस्टल शूटरों को उपलब्ध कराई थी। अभियुक्त अरुण यादव ने ही हत्या की पूरी साजिश रची थी।