गाजियाबाद, वृंदावन, अलीगढ़ और मथुरा के ध्यानार्थ
--
बस सवार छात्राओं और शिक्षिका पर छींटाकशी
- बाइक सवार दो युवकों ने वृंदावन टोल प्लाजा से जेवर टोल प्लाजा तक किया पीछा
- स्कूल बस को पुलिस वाहन के पास रोककर आरोपियों को पकड़ा, दोनों पक्षों में हुई मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर। वृंदावन से लौट रही गाजियाबाद के एक स्कूल बस में सवार छात्राओं और शिक्षिकाओं पर बाइक सवार दो युवकों ने छींटाकशी की। दोनों युवकों ने वृंदावन टोल प्लाजा से लेकर जेवर टोल प्लाजा तक बस का पीछा किया। स्टाफ ने जेवर टोल प्लाजा पार कर पुलिस वाहन देख बस रोककर आरोपियों को पकड़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची। मौके पर एक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय दूसरे जिले की घटना बताकर टरका दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वन विभाग की परीक्षा देकर लौट रहे थे। मारपीट के चलते बस सवार स्कूल निदेशक और शिक्षक को थाने लाया गया था।
रविवार दोपहर गाजियाबाद की एक स्कूल बस में 76 छात्र-छात्राओं, 22 महिला अध्यापक एवं अन्य स्टाफ वृंदावन से दर्शन के बाद यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते वापस लौट रहे थे। स्टाफ का आरोप है कि वृंदावन टोल प्लाजा पार करते ही दो बाइक सवार लोगों ने बस का पीछा किया। आरोपियों ने छात्राओं और शिक्षिकाओं पर छींटाकशी और हूटिंग की। इससे परेशान होकर स्कूल स्टाफ ने जेवर टोल प्लाजा पार कर पुलिस वाहन खड़ा देख बस रोक दो आरोपियों को पकड़ लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस ने स्कूल डायरेक्टर व अध्यापक और दोनों बाइक सवारों को थाने ले जाकर बैठा लिया।
शिक्षिकाओं ने जानकारी
निदेशक और शिक्षक को थाने ले जाने के बाद छात्र और शिक्षिकाएं भी वहां पहुंच गई और शिकायत दर्ज कराने के लिए देर तक खड़ी रहीं। हिंदूवादी संगठन के सदस्यों ने देर तक बस खड़े होने पर पता किया तो महिला अध्यापकों ने उन्हें रोते हुए अपने साथ हुई घटना को बताया, जिसके बाद लोगो ने थाने पहुंच हंगामा किया और आरोपी बाइक सवार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, बच्चों व स्टाफ को वापस भेजने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने हंगामा व नारेबाजी भी की। बताया गया है कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्कूल निदेशक और अध्यापक को थाने से जाने दिया और बच्चे भी उनके साथ लौट गए।
वारदात अलीगढ़ व मथुरा जिले की है। जेवर में स्कूल के स्टाफ ने अलीगढ़ में वन विभाग की परीक्षा देकर आ रहे दो बाइक सवारों को पकड़कर पिटाई कर दी थी, जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया। बच्चों और महिलाओं के खड़े होने की सूचना मिली तुरंत बस गाजियाबाद भिजवाई गई। दोनों पक्षों में समझौता हुआ है, लिखित शिकायत नहीं मिलने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। - सुरेंद्र सिह भाटी, कोतवाली प्रभारी जेवर