बहादुरगढ़ के ध्यानार्थ
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए पुलिसकर्मी, छापेमारी
व्यापारी संजीव कुमार को लूटने का मामला
दिल्ली पुलिस ने हरियाणा पुलिस से संपर्क साधा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
व्यापारी संजीव कुमार को लूटने के मामले में बहादुरगढ़ (हरियाणा) एसटीएफ के आरोपी पुलिसकर्मी फरार हो गए हैं। मध्य जिले की रंजीत नगर थाना पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। दिल्ली पुलिस हरियाणा पुलिस से संपर्क साधकर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। दूसरी तरफ पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है। मध्य जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों का चेहरा कैमरों में कैद हो गया है।
गौरतलब है कि रोहिणी के सेक्टर-एक निवासी संजीव कुमार का हैदराबाद में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का कारोबार है। वह 31 अक्तूबर की शाम साढ़े सात बजे तीन कर्मचारी रानो देव, जतिन व नीरज के साथ वेस्ट पटेल नगर में कलेक्शन के लिए आए थे। कलेक्शन कर कैब में बैठे ही थे कि कार सवार तीन पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। उनके पास हथियार थे। व्यापारी व उसके तीनों कर्मचारियों को अपनी कार में बिठा लिया और वहां से निकल गए।
आरोप है कि रास्ते में उनकी पिटाई की गई। उन्हें बहादुरगढ़ में अज्ञात जगह पर रखा गया। आरोप है कि व्यवसायी से 9.50 लाख रुपये लूट लिए व 20.50 लाख रुपये की और मांग की गई। इन चारों को रात 11 बजे रोहिणी में रहने वाले संजीव कुमार के दोस्त सचिन अरोड़ा के पास ले आए। पीड़ित व्यापारी ने दोस्त सचिन से 9.50 लाख रुपये पुलिसकर्मियों के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। इसके बाद व्यापारी को मॉल में ले जाकर तीन लाख रुपये की शॉपिंग की। आरोपी पुलिसकर्मी चारों को रात 12 बजे एमटूके मॉल के पास छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी पटेल नगर थाने गया। वहां से उन्हें रंजीत नगर थाने भेज दिया गया। यहां से भी व्यापारी को टरका दिया गया। इसके बाद व्यापारी ने इसकी शिकायत गृहमंत्रालय को की। गृहमंत्रालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद रंजीत नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। मामला सामने आने के बाद बहादुरगढ़, एसटीएफ के तीन पुलिसकर्मियों एसआई संदीप, सिपाही लोकेश व प्रमोद को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया गया।
मध्य जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस बात की जांच की जा रही है कि वारदात में कितने पुलिसकर्मी शामिल थे। दिल्ली पुलिस ने हरियाणा पुलिस से संपर्क साधा है। मध्य जिला पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।